भिटौली,महराजगंज मतदान के लिए लाईन में खड़े मतदाता
आर.पी.पी.न्यूज़ : संवाददाता नूर मोहम्मद - विकास खंड घुघली के ग्राम पंचायत पचरुखिया तिवारी में शनिवार को ग्राम प्रधान पद के लिए हुआ उप चुनाव सकुशल सम्पन्न हो गया। मतदान के समय जहां बूथों पर पुलिस बल सक्रीय दिखी, वहीं मतदाताओं में वोटिंग के लिए उत्सुकता रही। सुबह में मतदान शुरू होने के एक घंटे बाद से मतदाताओं की लाइन लगना शुरू हो गयी थी। दोपहर तक ज्यादा से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। विकास खंड घुघली के पचरुखिया तिवारी में कुल 1971 में 1155 वोट पड़े। यहां दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इन दोनों प्रत्याशियों की किस्मत मतदाता पेटियों में कैद हो गयी है ।
मिली जानकारी के अनुसार विकासखंड की पचरुखिया तिवारी ग्राम प्रधान के चुनाव में स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में तीन बूथ बनाए गए थे। यहां प्रात: सात बजे से ही मतदाताओं की भीड़ जुटने लगी थी। शाम 5 बजे तक मतदान किया गया । प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि भी मतदाताओं को रिझाने में लगे रहे। कुल 1971 मतदाताओं में से 1155 ने अपने मतों का प्रयोग किया, जो 58.59 प्रतिशत है। सामान्य वर्ग महिला आरक्षित इस सीट पर नसीमा खातून पति नासिर व जिना देवी पति त्रिलोकी प्रत्याशी हैं। यह सीट प्रधान फैजुन निशा के निधन के कारण रिक्त हुई है। जिसका उपचुनाव आज सकुशल सम्पन्न हुआ ।


