आर पी पी न्यूज़: ब्यूरो महराजगंज: सांसद हर्षवर्धन की सुपुत्री व कांग्रेस पार्टी की सांसद पद की प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत टिकट घोषणा के बाद पहली बार महराजगंज आ रही हैं जिनके स्वागत में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा फरेंदा से महराजगंज तक मोटर साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। प्रातः 10 बजे दुर्गा मंदिर, फरेंदा से माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त कर सुप्रिया श्रीनेत महराजगंज की ओर प्रस्थान करेंगी। उनके स्वागत व सहयोग प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में मोटर साइकिल चालक मौजूद रहेंगे और स्वागत के बाद रैली के रूप में सभी लोग साथ-साथ महराजगंज तक आएँगे।महराजगंज महुँच कर सुप्रिया दया होटल, महराजगंज में प्रेस के साथियों से विमर्श करेंगी। ज्ञातव्य है कि सुप्रिया स्वयं पिछले 20 वर्षों से मीडिया में कार्यरत रही हैं व एनडीटीवी और टाइम्स ग्रुप के चैनल ईटी नाउ में कार्यकारी सम्पादक के पद पर कार्य किया है। सुप्रिया ने देश विदेश की बड़ी हस्तियों से डिबेट और इंटरव्यू किए हैं और राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय मुद्दों के अलावा स्थानीय मुद्दों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं।प्रेस वार्ता के बाद क़रीब 1 बजे पूरे जनपद से एकत्र हो रहे कांग्रेस, फ़्रंटल संगठन व अन्य सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ शंकर वाटिका मैरेज हाल, महराजगंज में कार्यकर्ता बैठक में सम्मिलित होंगी जहाँ आगामी 19 मई को चुनाव में जीत हासिल करने की रणनीति तय करेंगी।बताते चलें कि विगत दिनों कांग्रेस पार्टी ने पूर्व विधायक अमरमणि त्रिपाठी की सुपुत्री तनुश्री को टिकट देकर सबको चौंका दिया लेकिन कुछ ही घंटों में सुप्रिया श्रीनेत ने वापस टिकट हासिल कर लिया। ईटी नाउ के कार्यकारी सम्पादक से इस्तीफ़ा दिया और अब महराजगंज की सेवा में जीवन समर्पित करने का लक्ष्य लेकर महराजगंज में आई हैं।

